चीन के चोंगकिंग शहर में शुक्रवार सुबह एक बड़े भूस्खलन यानी लैंडस्लाइड ने भारी तबाही मचा दी है। शुक्रवार 17 जुलाई की सुबह करीब 9 बजकर 8 मिनट पर पेंगशुई काउंटी में अचानक पहाड़ों की चट्टानें और मिट्टी ढलान से नीचे गिर पड़ीं। इस हादसे में 10 से ज्यादा रिहायशी इमारतें मलबे के नीचे दब गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सरकारी मीडिया के अनुसार, प्रशासन ने युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अब तक 1100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। मलबे से 10 लोगों को जीवित बचाया गया, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। इस भयानक हादसे में अब तक 8 लोगों के मारे जाने की दुखद खबर है, जबकि 34 लोग अभी भी लापता हैं। बचाव दल मलबे को हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
बिजली और गैस की सप्लाई बंद
लैंडस्लाइड की वजह से कई बिजली के खंभे उखड़ गए और बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। किसी भी बड़ी अनहोनी या विस्फोट को रोकने के लिए अधिकारियों ने प्रभावित इलाके के 1 किलोमीटर के दायरे में बिजली, पानी और गैस की सप्लाई को एहतियात के तौर पर रोक दिया है।
प्रशासन की तरफ से स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मौसम विभाग ने भी उस इलाके में नजर बनाए रखने की सलाह दी है क्योंकि भारी बारिश के चलते अभी भी मिट्टी खिसकने का खतरा बना हुआ है। चोंगकिंग के इस घटना से चीन में शोक का माहौल है। राहत टीमें मलबे के नीचे फंसे लोगों को निकालने के लिए हर संभव कोशिश कर रही हैं।
