बीजापुर । नक्सल प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 85वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा सोमवार को ग्राम डुमरीपालनार में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कमांडेंट सुनील कुमार राही के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
शिविर में डुमरीपालनार सहित पटेलपारा, सरपंचपारा, परगेमपारा एवं थिलमपारा के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क दवाइयों का लाभ लिया। 85वीं बटालियन के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।
इस दौरान ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में होने वाली मौसमी बीमारियों, दूषित पानी से फैलने वाले संक्रमण, स्वच्छता तथा सुरक्षित पेयजल के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने और समय पर उपचार कराने की अपील की।

कमांडेंट सुनील कुमार राही ने बताया कि ऐसे जनहितकारी चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि 85वीं बटालियन सीआरपीएफ बीजापुर में तैनाती के बाद से लगातार दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर, जनकल्याणकारी कार्यक्रम तथा जागरूकता अभियान आयोजित कर रही है। इससे ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास मजबूत होने के साथ-साथ विकास कार्यों में जनसहभागिता भी बढ़ रही है।
शिविर के दौरान सहायक कमांडेंट शिवांशु शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार सहित 85वीं बटालियन के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।