सक्ती। नगर में पुलिस की रात्रि पेट्रोलिंग व्यवस्था की पोल खोलते हुए एक शातिर चोर ने बीती रात जमकर तांडव मचाया। चोर ने शहर के व्यस्ततम इलाकों में धावा बोलकर एक के बाद एक तीन बड़ी दुकानों को निशाना बनाया और लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि ये चोरियां थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर हुईं।
एक ही रात में तीन जगहों पर धावा
- एस एन ऑटो सेंटर (बाराद्वार रोड): यहाँ चोर ने शटर का कुंदा काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और नगद 3 लाख रुपये समेत लगभग 1 लाख रुपये के ऑटो पार्ट्स पार कर दिए।
- गल्ला किराना दुकान (कोरबा रोड): यहाँ भी इसी अंदाज में शटर काटकर लाखों रुपये की चोरी की बात सामने आई है।
- महिंद्रा शोरूम (बाराद्वार रोड): यहाँ चोरों ने ताले चटकाए और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुआ ‘एक ही’ चेहरा
इन तीनों घटनाओं में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह किसी गैंग का नहीं, बल्कि एक ही शातिर का काम लग रहा है। तीनों घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक ही व्यक्ति, एक ही कपड़ों में वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है।
सम्मान के दो दिन बाद ही पुलिस को चुनौती
दिलचस्प बात यह है कि उत्कृष्ट कार्य के लिए अभी दो दिन पहले ही पुलिस महानिदेशक और नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा पुलिस टीम को सम्मानित किया गया था। इस सम्मान के ठीक दो दिन बाद चोर ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस चुनौती का सामना कैसे करती है और इस शातिर चोर को कब तक बेनकाब कर पाती है।
रिपोर्ट: रामनारायण गौतम, सक्ती