भानुप्रतापपुर। नकटी गांव में कथित बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानुप्रतापपुर ने नगर के मुख्य चौक पर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनकनन्दन कश्यप ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर प्रशासन ने भारी बारिश के बीच नकटी गांव के 85 परिवारों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को न तो मुआवजा दिया गया और न ही पुनर्वास की कोई व्यवस्था की गई। बारिश के मौसम में छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जो पूरी तरह अमानवीय है।
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रशासन ने रात करीब 3 बजे कार्रवाई कर 85 परिवारों को बेघर कर दिया। यदि जमीन की आवश्यकता थी तो नियमानुसार पूर्व सूचना देकर पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस भूमि पर प्रधानमंत्री आवास और बिजली जैसी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं, उसी पर अब बुलडोजर चलाया गया। उन्होंने आशंका जताई कि गरीबों की जमीन उद्योगपतियों को देने की मंशा हो सकती है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल, अघोषित बिजली कटौती और आम जनता की समस्याओं को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा। कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और कथित प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित परिवारों को मुआवजा और उचित पुनर्वास नहीं दिया जाता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में हेमंत ध्रुव, कृष्ण टेकाम, गुरदीप सिंह ढींडसा, विजय धामेचा, मनीष योगी टेम्पा, किरण डोंगरे, सीमा सेनगुप्ता, पंकज वाधवानी, गोपाल राठी, राजकुमार ठाकुर, मुकेश चंद्राकर, नरेंद्र कुलदीप, रिक्की तिवारी, बब्बू मरकाम, पप्पू सोनी, हरिशचंद्र खसव, रवि दुग्गा, जय पददा, संजू नेताम, आकाश यदु, अनुराग शर्मा सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखा।
नकटी गांव बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

05
Jul