मानसून का कहर: अस्पताल और रेलवे स्टेशन भी डूबे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव और अभनपुर में सड़कों, कॉलोनियों और सरकारी परिसरों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई जगहों पर लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है, जबकि अस्पतालों और रेलवे स्टेशन तक में पानी भरने से परेशानी बढ़ गई है।
रायपुर में बारिश से बिगड़े हालात
रायपुर में कुछ घंटों की तेज बारिश के बाद कई प्रमुख इलाके पानी में डूब गए। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जलभराव होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फाफाडीह वाल्टेयर गेट पर पानी भरने के कारण एक ट्रक बीच रास्ते में फंस गया। वहीं शंकर नगर, पंडरी, लोधी पारा और आजाद चौक सहित कई इलाकों की सड़कें पानी से लबालब नजर आईं।
अभनपुर के स्वास्थ्य केंद्र में घुसा पानी
अभनपुर के हसदा उपस्वास्थ्य केंद्र में करीब दो फीट तक पानी भर गया। इससे दवाइयों के साथ प्रसव संबंधी उपकरण भी पानी में डूब गए, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव में भी जलभराव
राजनांदगांव में रातभर हुई बारिश के बाद बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल परिसर पानी से भर गया। दुर्ग के शंकर नगर नाले से लगे इलाकों में पानी घरों और गलियों तक पहुंच गया। वहीं भिलाई के लक्ष्मी नगर, सुपेला, रावण भाटा, शकरपारा, कोसा नगर, कृष्णा नगर और टाउनशिप के कई बीएसपी क्वार्टरों में पानी घुसने से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *