रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश पर बना हुआ है। इसके कारण अगले 5 दिनों तक पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में दिनभर छाए रहे बादल
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। हालांकि तेज बारिश नहीं हुई। शहर में रुक-रुककर हल्की फुहारें पड़ती रहीं। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सबसे अधिक 14 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद लाल बहादुर नगर में 11 सेमी बारिश हुई।
सरायपाली,बड़े बचेली,कुसमी, इन क्षेत्रों में चिरमिरी, डौंडीलोहारा में 9 सेमी बारिश हुई।
सरसीवा में 8 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कई जिलों में 2 से 7 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा शामिल हैं।
इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।