गोरखपुर में खौफनाक वारदात: किराएदार ने किया मासूम का अपहरण, फिर दीवार पर सिर पटककर मार डाला

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी किराएदार ने पैसों के लालच में आकर अपने ही मकान मालिक के 6 साल के मासूम बेटे का अपहरण कर लिया। इसके बाद उसने बच्चे का सिर दीवार पर पटककर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद आरोपी पूरी रात पीड़ित परिवार के साथ मिलकर बच्चे को ढूंढने का नाटक भी करता रहा। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिससे इस पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया।

शाम को घर से खेलने निकला था मासूम अंशुमान

पिपरा नई कॉलोनी में रहने वाले विनय सिंह उर्फ कन्हैया एक धागा फैक्ट्री में काम करते हैं और इसके साथ ही वे अपने घर पर ही एक किराने की दुकान भी चलाते हैं। उनका 6 साल का बेटा अंशुमान शाम के करीब 5 बजे घर से बाहर खेलने के लिए निकला था। कुछ देर बाद वह वापस घर आया और फिर दोबारा बाहर चला गया। जब काफी देर तक मासूम अंशुमान वापस घर नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी, जिसमें किराएदार कल्पेश राय बच्चे को एक सुनसान खंडहर की तरफ ले जाता हुआ दिखाई दिया। इसी सुराग के आधार पर जब पुलिस ने कल्पेश को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद हुआ।

आर्थिक तंगी के कारण बनाई थी फिरौती की योजना

पुलिस की पूछताछ में आरोपी किराएदार ने बताया कि उसने मोटी रकम यानी फिरौती वसूलने के इरादे से बच्चे के अपहरण की पूरी योजना बनाई थी। वह बच्चे को बहला-फुसलाकर एक बंद पड़े मकान में ले गया और वहां उसके हाथ-पैर बांधकर छिपा दिया। आरोपी के मुताबिक इस दौरान बच्चे का सिर दीवार से जोर से टकरा गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत से घबराकर आरोपी शव को वहीं छोड़कर वापस अपने कमरे पर आ गया ताकि किसी को उस पर शक न हो।

नौकरी छूटने के बाद चल रहा था परेशान

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कल्पेश राय मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के डबरा गांव का रहने वाला है। वह भी विनय सिंह की तरह ही गीडा इलाके की एक धागा फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था। कुछ समय पहले ही उसकी नौकरी छूट गई थी, जिसके कारण वह गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसके साथ ही वह काफी दिनों से बीमार भी चल रहा था। पैसों की इसी तंगी को दूर करने के लिए उसने अपने ही मकान मालिक के घर में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *