650 करोड़ के स्वास्थ्य घोटाले में बड़ी कार्रवाई, डाटा असिस्टेंट की सेवा खत्म, दो कर्मचारी निलंबित

नई दिल्ली। 650 करोड़ रुपये के कथित स्वास्थ्य घोटाले की जांच के बीच स्वास्थ्य विभाग में एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से डाटा असिस्टेंट सुमित सिंह की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। इसके साथ ही कार्यालय में तैनात दो जूनियर असिस्टेंट को भी निलंबित कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई केंद्रीय खरीद एजेंसी से जुड़े मामलों और निजी दवा सप्लायरों से कथित संबंधों की जांच के दौरान की गई है।

सभी सरकारी दस्तावेज जमा करने के निर्देश

आदेश के मुताबिक सुमित सिंह को सरकारी फाइलें, दस्तावेज, लैपटॉप, पहचान पत्र और विभाग की अन्य सामग्री तुरंत जमा कराने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से खरीद और आपूर्ति से जुड़े कार्यों में तैनात थे। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में उनकी क्या भूमिका थी। साथ ही निजी सप्लायरों के साथ उनके कथित संबंधों की भी जांच की जा रही है।

दो जूनियर असिस्टेंट भी निलंबित

इसी मामले में दो जूनियर असिस्टेंट को भी निलंबित किया गया है। विभाग ने जांच को देखते हुए उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि खरीद प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों और फाइलों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

इससे पहले केंद्रीय खरीद एजेंसी के स्टोर से जुड़े पांच फार्मासिस्ट और दो अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं पूर्व महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. वत्सला अग्रवाल समेत दो अधिकारियों को जेल भेजा जा चुका है। कई अन्य अधिकारी भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।

40 से ज्यादा अधिकारियों का तबादला

सूत्रों के अनुसार भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत हाल के दिनों में केंद्रीय खरीद एजेंसी और उससे जुड़े कार्यालयों के 40 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया गया है। जांच अभी जारी है। माना जा रहा है कि आगे और भी अधिकारियों की भूमिका सामने आ सकती है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *