मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सीतामऊ थाना क्षेत्र के तीतरोद गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दोपहर करीब 11 बजे हुआ। कार महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
राहत-बचाव के लिए तुरंत पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही सीतामऊ थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। दोनों घायलों का इलाज सीतामऊ अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों में रविन्द्र काले और सचिन गंगाधर गजभारे की पहचान हो चुकी है। दोनों महाराष्ट्र के औरंगाबाद के निवासी थे। अन्य दो मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद फरार हुआ ट्रक चालक
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि ट्रक और उसके चालक का पता लगाया जा सके।