रायपुर में दूसरे ही दिन मानसून की दस्तक; 27 जिलों में अंधड़-बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए आगे बढ़ रहा है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते सूबे में एंट्री करने के बाद मानसून ने महज 24 घंटे के भीतर प्रदेश के करीब 75 फीसदी हिस्से को अपनी जद में ले लिया है। इसी तेज रफ्तार के साथ मानसून ने अपने दूसरे ही दिन राजधानी रायपुर में भी धमाकेदार दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही तल्ख बना रहेगा। कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) और कबीरधाम के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ घंटों में मानसून के सक्रिय होने की प्रबल संभावना है।

मंगलवार शाम को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश से तपती गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है। इस मानसूनी फुहार के चलते पूरे प्रदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे लुढ़क गया है। बीते दिन बिलासपुर में सबसे ज्यादा 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

इन इलाकों में बरसे बदरा

पिछले 24 घंटों के दौरान डौंडी और नांगर में सर्वाधिक 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि सरसीवा, कांकेर, कुकरेल, दरभा, नगरी, भटगांव, जगदलपुर, और राजनांदगांव समेत कई इलाकों में 3-3 सेंटीमीटर तक पानी बरसा। बस्तर, पाटन, गरियाबंद, चारामा और कुरुद में भी 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

आज 27 जिलों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज सुबह प्रदेश के 27 जिलों के लिए आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

इसके साथ ही रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, बेंटर, बालोद, राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर सहित अन्य जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मिजाज?

राजधानी रायपुर में आज भी बादलों का डेरा रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बुधवार को शहर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *