महाराष्ट्र के परभणी में बड़ा हादसा: हनुमान मंदिर के सभामंडप की छत गिरने से 6 लोगों की मौत, कई घायल

महाराष्ट्र के परभणी जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के यशवाड़ी देवस्थान में स्थित हनुमान मंदिर के हॉल यानी सभामंडप की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों के शव मलबे से बाहर निकाले जा चुके हैं। वहीं करीब 30 से 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

यह हादसा शनिवार दोपहर को हुआ। शनिवार का दिन होने की वजह से मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर परिसर में कीर्तन चल रहा था और लोग कतार में खड़े होकर महाप्रसाद ले रहे थे। तभी अचानक यह बड़ा हादसा हो गया और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।

मंदिर के सामने चल रहा था कंस्ट्रक्शन का काम

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यशवाड़ी देवस्थान में मंदिर के ठीक सामने नए सभामंडप को बनाने का काम चल रहा था। दोपहर करीब 3 बजे, जब लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे थे, तभी नवनिर्मित स्ट्रक्चर का ऊपरी हिस्सा अचानक ढह गया। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का खौफनाक मंजर साफ देखा जा सकता है।

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस टीम और राहत बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए फौरन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से अब तक 6 शवों को बाहर निकाला है। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मलबे को हटाने और फंसे हुए अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर मदद में जुटे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *