प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 500 जवानों व परिजनों ने उठाया लाभ

रमेश गुप्ता भिलाई। प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई परिसर में शुक्रवार को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मेडीशाइन हॉस्पिटल रायपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य वाहिनी के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पी. सुंदरराज, पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिंह, पुलिस महानिरीक्षक जी.पी. सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सेनानी (डीआईजी) राजेश कुकरेजा सहित वाहिनी के अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
मेडीशाइन हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और बीएमडी (हड्डियों की मजबूती जांच) जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने हृदय रोग, हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं, पेट व लिवर रोगों सहित अन्य सामान्य बीमारियों से जुड़ी सलाह भी दी। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर में लगभग 500 अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया। अधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल अपने जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सदैव संवेदनशील रहा है और भविष्य में भी ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *