विरोधियों की रणनीति नाकाम अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त मानमती सिंह सरपंच पद पर बरकरार समर्थको में ख़ुशी की लहर…

गुप्त मतदान में नहीं मिला आवश्यक समर्थन, समर्थकों में खुशी का माहौल

कोरिया जिले के सोनहत ग्राम पंचायत स्तर की राजनीति में मचा सियासी तूफान आज थम गया। सरपंच के खिलाफ लगाए जा रहे तमाम कयासों पर विराम लग गया है। अविश्वास प्रस्ताव गिरने के साथ ही सरपंच मानमती सिंह ने एक बार फिर अपना विश्वास और राजनीतिक पकड़ कायम रखी है।

सोनहत ग्राम पंचायत की सरपंच मानमती सिंह के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव शुक्रवार को गिर गया। गुप्त मतदान में अविश्वास प्रस्ताव को आवश्यक समर्थन नहीं मिलने के बाद सरपंच मानमती सिंह अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहीं। इसके साथ ही उनका सरपंच पद बरकरार रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सोनहत के 20 पंचों में से 16 पंचों ने पूर्व में सरपंच के खिलाफ असंतोष जताते हुए एसडीएम सोनहत को ज्ञापन सौंपकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। पंचों की मांग के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत विशेष सम्मेलन आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई थी।
शुक्रवार को जनपद पंचायत सोनहत के सभागार में विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में तहसीलदार की मौजूदगी में पंचायत के सभी 20 पंचों ने गुप्त मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मतदान के बाद मतगणना की गई, जिसमें अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में आवश्यक संख्या में मत प्राप्त नहीं हो सके। इसके चलते अविश्वास प्रस्ताव निरस्त कर दिया गया।
प्रस्ताव गिरने की जानकारी मिलते ही सरपंच समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने इसे सरपंच के प्रति विश्वास की जीत बताया। वहीं सरपंच मानमती सिंह ने कहा कि यह सच्चाई और विश्वास की जीत है। उन्होंने अपने समर्थकों एवं पंचों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी पूरी सेवा भावना के साथ ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और क्षेत्र के विकास को गति देने का प्रयास जारी रहेगा।
अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद अब सोनहत ग्राम पंचायत में सरपंच मानमती सिंह अपने पद पर बनी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *