घर में चोरी कर बेच दिए जेवर, 3 आरोपी और खरीददार महिला गिरफ्तार; 1.43 लाख का माल बरामद

रमेश गुप्ता पाटन। घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन युवकों और चोरी के जेवर खरीदने वाली एक महिला को पाटन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवर और नकदी सहित करीब 1.43 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एक महिला के घर हुई चोरी की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। चोरी की वारदात का सुराग लगाने के लिए टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवर रायपुर निवासी एक महिला को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने खरीदार महिला को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद कर लिए।
सोने का गुलबंद, एयररिंग और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का गुलबंद, एक जोड़ी सोने की एयररिंग तथा 10 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 43 हजार रुपए आंकी गई है।
आर्थिक लाभ के लिए की थी चोरी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में शामिल चारों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
मानषु टंडन (20), निवासी सतनामी पारा, तर्रीघाट, थाना पाटन
अजित बंधेल (21), निवासी सतनामी पारा, सावनी, थाना पाटन
खिलेश्वर पटेल (23), निवासी पटेल पारा, सावनी, थाना पाटन
सिल्की देवांगन (33), निवासी चंगोराभाठा, राजेंद्र नगर, रायपुर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के खुलासे में थाना पाटन और एसीसीयू दुर्ग की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के जरिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *