टाटा एस ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, सड़क पर दूर तक घसीटा; मौके पर ही दर्दनाक मौत!

रमेश गुप्ता भिलाई। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मृतक को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जामुल थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, इंदिरा नगर हथखोज निवासी उमेश कश्यप ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जून की शाम करीब 5:30 बजे उनके पिता शिवदयाल कश्यप साइकिल से राजीव नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिसकोल कंपनी के पास टाटा एस वाहन क्रमांक सीजी 07 सीवाई 5936 के चालक दीपक कुमार आनंत ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवदयाल कश्यप सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद भी चालक वाहन नहीं रोक पाया और मृतक को वाहन के साथ घसीटते हुए ले गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 418/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी चालक दीपक कुमार आनंत (34 वर्ष), निवासी ढांचा भवन कुरूद, थाना जामुल को चिन्हित कर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 110 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण वाहन चालक की तेज गति और लापरवाही सामने आई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *