पटना। राजधानी पटना के चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज विवाद से जुड़ा एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग संस्थान में हुए बवाल मामले के बीच फरार चल रहे ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद बिहार और नेपाल दोनों जगह सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।
मामले की जानकारी सामने आते ही पटना के पीरबहोर और कदमकुआं थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क नजर आ रहा है।
नेपाल में गेस्ट हाउस में मारी गई गोली
सूत्रों के मुताबिक, खान ग्लोबल स्टडीज में हुए बवाल के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान प्रिंस यादव गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चला गया था। बताया जा रहा है कि वह वहां एक गेस्ट हाउस में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, इसी गेस्ट हाउस में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
पहले से जेल में हैं मुख्य आरोपी
गौरतलब है कि 2 जून को मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग संस्थान में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर को भी आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा दो सुरक्षा गार्ड भी न्यायिक हिरासत में हैं।
जांच के कई पहलू खंगाल रही पुलिस
प्रिंस यादव मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले का रहने वाला था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह नेपाल में किन लोगों के संपर्क में था और हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य कारण तो नहीं है।
अधिकारियों का कहना है कि नेपाल पुलिस के साथ समन्वय बनाकर मामले की जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर पुलिस और प्रशासन की नजर बनी हुई है।