TMC नेता अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची पुलिस, मदन मित्रा के ठिकानों पर ED की छापेमारी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बड़े नेताओं की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को एक तरफ जहां पुलिस टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची, वहीं दूसरी तरफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नगरपालिका भर्ती घोटाले में टीएमसी विधायक मदन मित्रा के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है।

अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची सालबोनी पुलिस

शनिवार सुबह पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबोनी पुलिस स्टेशन की एक टीम अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची। इस टीम में महिला अधिकारी भी शामिल थीं। सूत्रों के मुताबिक, आपदा प्रबंधन टीम के सदस्यों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी वहां मौजूद थीं और पुलिस की कार्रवाई के बाद वहां से रवाना हुईं। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पैसे लेकर टिकट देने के आरोपों और अभिषेक के सहायक सुमित रॉय पर लगे वित्तीय गबन के मामले से जुड़ी हो सकती है।

इससे पहले शुक्रवार को भी सीआईडी की टीम ‘4 तारीख को डीजे बजेगा’ वाली टिप्पणी के मामले में नोटिस देने अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची थी। अभिषेक बनर्जी को 16 जून को सुबह 11 बजे भवानी भवन (CID मुख्यालय) में पेश होने का आदेश दिया गया है। गौरतलब है कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन से जुड़े फर्जी हस्ताक्षर मामले में भी सीआईडी उनसे हाल ही में 6 घंटे तक पूछताछ कर चुकी है।

विधायक मदन मित्रा के 7 ठिकानों पर ED की रेड

इसी बीच, ईडी ने कोलकाता नगरपालिका भर्ती घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए टीएमसी विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा से जुड़े 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच एजेंसी के अनुसार, मदन मित्रा पर कामरहाटी सहित कई नगरपालिकाओं में अयोग्य उम्मीदवारों को नौकरी दिलाने के बदले बिचौलियों के जरिए कैश और सोने के रूप में रिश्वत लेने का आरोप है। शुरुआती जांच में उनका संबंध 125 से ज्यादा अवैध नियुक्तियों से पाया गया है। फिलहाल दोनों ही मामलों में केंद्रीय और स्थानीय सुरक्षा बल तैनात हैं और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *