मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा एक बार फिर अपने नए और अनोखे म्यूजिकल प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में आ गई हैं. राजनीतिज्ञ राघव चड्ढा की पत्नी परिणीति ने इस बार कला के एक बिल्कुल अलग रूप को चुनते हुए आध्यात्मिक संगीत की दुनिया में कदम रखा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने आगामी भक्ति गीत का एक टीजर साझा किया है, जिसने उनके प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. आत्मा के सुकून और मानसिक शांति की तलाश में शुरू हुआ उनका यह आध्यात्मिक सफर 8 जून को रिलीज होने वाले गाने के साथ दर्शकों के सामने आएगा.

‘एक प्रार्थना, एक भेंट’ के साथ वापसी
टीजर को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए परिणीति ने एक बेहद खूबसूरत नोट भी लिखा, “एक प्रार्थना, एक भेंट। जल्द आ रहा है।” इस छोटे से संदेश और टीजर में दिख रहे आध्यात्मिक माहौल ने फैंस को गाने के लिए और अधिक उत्साहित कर दिया है। परिणीति इससे पहले भी कई मौकों पर अपनी गायकी का हुनर दिखा चुकी हैं और दर्शकों ने उनकी आवाज को सराहा भी है, लेकिन भक्ति संगीत की राह पर उनका यह पहला और एकदम नया प्रयास है।
मां बनने के बाद नए प्रोजेक्ट्स पर फोकस
पिछले साल परिणीति चोपड़ा और उनके पति राघव चड्ढा के घर पहले बच्चे की किलकारी गूंजी थी। मां बनने के बाद अब वह धीरे-धीरे काम पर लौट रही हैं और नए-नए प्रयोग कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने पेरेंटिंग और पारिवारिक विषयों पर आधारित एक डिजिटल टॉक शो की शुरुआत की है। इसके साथ ही वह जल्द ही एक मिस्ट्री-थ्रिलर वेब सीरीज में भी अभिनय करती नजर आएंगी। फिलहाल उनके इस नए भक्ति गीत के टीजर को सोशल मीडिया पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।