रायपुर, मौसम ब्यूरो: चिलचिलाती धूप, उमस और भीषण गर्मी से बेहाल छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon 2026) तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD Chhattisgarh) के मुताबिक, परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं और अगले 5 दिनों के भीतर मानसून छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य ओडिशा के कुछ हिस्सों में दस्तक दे देगा।
भले ही मानसून आने में कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन लोकल सिस्टम (Local Weather System) की वजह से शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 5 दिनों में खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) में बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां काफी बढ़ जाएंगी।
बिलासपुर में फूटा ‘गर्मी का बम’, चंद्रपुर में सबसे ज्यादा बारिश
शनिवार को छत्तीसगढ़ का बिलासपुर (Bilaspur Weather Update) सबसे गर्म शहर रहा, जहाँ पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान पेंड्रा रोड में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राहत की बात यह रही कि शनिवार को जांजगीर-चांपा के चंद्रपुर में सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा देवभोग, नवागढ़ और बस्तर के कुछ इलाकों में भी बौछारें पड़ीं, जिससे मौसम थोड़ा सुहावना हुआ।
बस्तर और सरगुजा संभाग समेत कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा (HP Chandra Weather Scientist) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और झारखंड के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज आंधी-तूफान का येलो अलर्ट (Yellow Alert in Chhattisgarh) जारी किया गया है।
इन जिलों में हो सकती है बारिश और वज्रपात:
- दक्षिण छत्तीसगढ़: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव।
- उत्तर व मध्य छत्तीसगढ़: रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर। इन इलाकों में तेज हवाओं (30-40 kmph) के साथ आकाशीय बिजली गिरने (Thunderstorm & Lightning) की भी आशंका है।
रायपुर में सिर्फ बादलों का डेरा या होगी बारिश?
राजधानी रायपुर (Raipur Weather Forecast) के लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि पानी कब बरसेगा? मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर में आसमान में बादल छाने और आंधी-बारिश की संभावना जताई है। आज यहाँ अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रह सकता है।