फूलपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बनाने वाला तस्कर फिर पहुंचा जेल

कोरिया, 5 जून 2026/ कलेक्टर कोरिया रोक्तिमा यादव के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने फूलपुर गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण और बिक्री में संलिप्त आरोपी शिवमंगल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जिला आबकारी के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर फूलपुर स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पांच भट्ठियों में भारी मात्रा में शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लाहान तथा शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए। मौके से 10 लीटर महुआ शराब भी जरीकैनों में भरी हुई मिली।

आरोपी शिवमंगल को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर उसे 14 दिनों के न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग के अनुसार शिवमंगल पूर्व में भी अवैध शराब परिवहन के मामले में पकड़ा जा चुका है। उसे स्कूटी से शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद वह लगभग दो माह तक जेल में रहा। जमानत पर रिहा होने के बाद वह पुनः अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, जिस पर विभाग ने दोबारा कार्रवाई की है।

इसी क्रम में कसरा ग्राम में भी आबकारी टीम ने कार्रवाई करते हुए पुष्पा भजन सिंह को उसके घर से 10 लीटर शराब बेचते हुए पकड़ा। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *