कोरिया, 5 जून 2026/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन मण्डल कोरिया द्वारा व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वामी आत्मानन्द स्कूल सोनहत, एसईसीएल बैकुंठपुर तथा अन्य स्थानों पर आम, जामुन, बरगद, पीपल, मौल, चंदन आदि के लगभग 4 हजार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट देवाशीष तिग्गा, जिला वन मण्डलाधिकारी प्रभाकर ख़लको, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अमृता दिनेश मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, ग्राम पंचायत मेन्द्रा के सरपंच, विद्यालय के प्राचार्य, वन विभाग के अधिकारी- कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जनसामान्य को प्रकृति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। पौधरोपण अभियान का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करना है।