Peddi Advance Booking : रिलीज से पहले राम चरण की ‘पेद्दी’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान

peddi advance booking : साउथ सुपरस्टार राम चरण की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘पेद्दी’ सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन रिलीज से महज कुछ घंटे पहले ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। डायरेक्टर बुची बाबू के निर्देशन में बनी और राम चरण-जान्हवी कपूर स्टारर इस फिल्म की एडवांस बुकिंग के जो आंकड़े सामने आए हैं, उसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है। फिल्म को लेकर दर्शकों का क्रेज इस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है कि राम चरण की अपनी ही पिछली मेगा बजट फिल्म ‘गेम चेंजर’ का रिकॉर्ड भी इसके सामने ढेर हो गया है।

सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पेद्दी’ ने बिना ब्लॉक सीट्स के ही पहले दिन की एडवांस बुकिंग से 6.94 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया है। वहीं अगर ब्लॉक सीट्स के आंकड़ों को भी जोड़ लिया जाए, तो फिल्म रिलीज से पहले ही 11.54 करोड़ रुपये की छप्परफाड़ कमाई कर चुकी है। अब तक इस फिल्म के 2 लाख 91 हजार से ज्यादा टिकट बेचे जा चुके हैं और देश भर में इसके शोज की संख्या बढ़कर 4,248 हो गई है।

टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म ‘बुक माय शो’ पर तो इस फिल्म ने तबाही मचा रखी है। पिछले 24 घंटों में 1 लाख से ज्यादा टिकटों की धड़ाधड़ बिक्री हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि केवल दिल्ली-NCR में ही पिछले एक घंटे के भीतर करीब 40 हजार लोगों ने इस फिल्म के टिकट बुक किए हैं, जो उत्तर भारत में राम चरण की जबरदस्त दीवानगी को बयां कर रहा है।

अगर राज्यों की बात करें तो फिल्म को सबसे बड़ा रिस्पॉन्स आंध्र प्रदेश से मिला है, जहां 7.33 करोड़ की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इसके अलावा तेलंगाना से 2.09 करोड़ और कर्नाटक से 1.4 करोड़ रुपये का कलेक्शन आ चुका है। दिल्ली, मुंबई, पुणे और राजस्थान जैसे उत्तर भारत के शहरों से भी लाखो की कमाई के साथ सॉलिड रिस्पॉन्स मिल रहा है।

सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार भी ‘पेद्दी’ का जलवा देखने को मिल रहा है। नॉर्थ अमेरिका में फिल्म की एडवांस बुकिंग ने 1 मिलियन डॉलर (करीब 8.3 करोड़ रुपये) का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। वहां प्रीमियर शोज को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त माहौल बना हुआ है। अब हर किसी की नजरें 4 जून की ओपनिंग पर टिकी हैं कि यह फिल्म पहले दिन कितने बड़े रिकॉर्ड्स को ध्वस्त करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *