Karnataka New CM: डीके शिवकुमार आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, नई कैबिनेट को लेकर बढ़ी उत्सुकता

नई दिल्ली/बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार आज राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन में आयोजित होगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 30 मई को उन्हें नेता चुना गया था। इसके साथ ही वे सिद्धारमैया की जगह राज्य की कमान संभालेंगे।

कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। मुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले मंत्रिमंडल को लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि डीके शिवकुमार ने साफ कर दिया है कि मीडिया में चल रहे संभावित नाम अंतिम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रियों की आधिकारिक सूची कांग्रेस हाईकमान की ओर से जारी की जाएगी।

बता दें कि सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने 20 मई 2023 से लेकर 28 मई 2026 तक राज्य का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल के बाद अब कांग्रेस ने डीके शिवकुमार पर भरोसा जताया है।

सूत्रों के अनुसार, नई कैबिनेट में कई बड़े चेहरे शामिल हो सकते हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की चर्चा है। वहीं सरकार में चार डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। मौजूदा मंत्रिमंडल के कुछ चेहरों को बाहर किए जाने की भी खबरें हैं।

कांग्रेस विधायक टीबी जयचंद्र ने बताया कि पहले चरण में कुछ विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके बाद दूसरा कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। चूंकि विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव 18 जून तक चलेंगे, इसलिए पूर्ण मंत्रिमंडल का गठन चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद होने की संभावना है।

शपथ ग्रहण समारोह को कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस मुख्यमंत्री भी समारोह में मौजूद रहेंगे। तमिलनाडु और झारखंड के मुख्यमंत्री के आने की भी जानकारी है।

शपथ ग्रहण से एक दिन पहले सिद्धारमैया को कांग्रेस कार्य समिति (CWC) का सदस्य नियुक्त किया गया। इससे पार्टी में उनकी भूमिका और मजबूत मानी जा रही है। अब सबकी नजर नई सरकार की टीम और उसके पहले फैसलों पर टिकी हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *