सूरजपुर। सूरजपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने एक अहम राजनीतिक फैसला लेते हुए पार्टी से निष्कासित 9 सदस्यों की वापसी कर दी है। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के बाद इन नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों और बगावत के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित किया गया था। अब जिला कांग्रेस ने उन्हें फिर से संगठन में शामिल कर लिया है।
इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने आधिकारिक आदेश जारी किया है। बताया गया है कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij की अनुमति के बाद लिया गया है। आदेश जारी होते ही जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
कांग्रेस के इस फैसले को संगठनात्मक एकजुटता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि पार्टी के भीतर इस निर्णय को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ कार्यकर्ता इसे संगठन को मजबूत करने वाला फैसला बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे लेकर नाराजगी भी जता रहे हैं।
छह साल के लिए किए गए थे निष्कासित
नगर निकाय चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से अलग गतिविधियों के आरोप में इन नेताओं को कांग्रेस से बाहर कर दिया गया था। चुनाव समाप्त होने के बाद संगठन ने मामले की समीक्षा की और अब उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल करने का फैसला लिया है।
इन नेताओं की हुई वापसी
जिन नेताओं को पुनः कांग्रेस में शामिल किया गया है, उनमें शक्ति ठाकुर, पल्लवी (गुड़िया), पुष्पलता पवन साहू, अफरोज खान (कल्लू), गीता पुरी, संजीत यादव, उदय यादव, अभय विश्वकर्मा और निशा बीजू दासन शामिल हैं।
ये सभी नेता सूरजपुर, बिश्रामपुर, भटगांव और जरही क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। इनके संगठन में लौटने से स्थानीय स्तर पर कांग्रेस को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जनता और राजनीतिक गलियारों में चर्चा
कांग्रेस के इस यू-टर्न के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय राजनीति पर नजर रखने वाले लोग इसे आगामी चुनावी रणनीति से भी जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल इस फैसले ने सूरजपुर जिले की राजनीति में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।