नई दिल्ली। देश के मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदलने वाला है। चिलचिलाती गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर आई है। मौसम विभाग (IMD Weather Update) ने भविष्यवाणी की है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून (South West Monsoon) किसी भी वक्त केरल के तट पर दस्तक दे सकता है। मानसून आने की सामान्य तारीख 1 जून होती है, लेकिन इस बार इसमें मामूली देरी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून के केरल पहुंचने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो चुकी हैं। इसके चलते पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका (Heavy Rainfall Warning) जताई गई है।
आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने की चेतावनी (Storm & Hailstorm Alert)
मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों के लिए एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि (Hailstorm) और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं की चेतावनी दी गई है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गंभीर तूफान आने की संभावना जताई गई है।
आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम? (State-Wise Weather News)
- दिल्ली, हरियाणा और पंजाब: इन राज्यों में 1 से 5 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। विशेषकर 3 और 4 जून को 50 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड: पश्चिमी यूपी में 3 और 4 जून को धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी है। वहीं उत्तराखंड में 6 जून तक गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा जारी रहेगी।
- छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश: छत्तीसगढ़ (CG Weather News) और विदर्भ में 2 से 5 जून के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। पश्चिमी एमपी में 2 और 3 जून को भारी बारिश का अलर्ट है।
- बिहार और झारखंड: बिहार में 5 और 6 जून को मौसम बिगड़ेगा, जबकि झारखंड में पूरे हफ्ते तेज हवाओं के साथ पानी गिरने के आसार हैं।
- राजस्थान और गुजरात: राजस्थान में 2 जून को तेज आंधी चलेगी और उसके बाद 5 जून तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश होगी। गुजरात में भी 4 जून तक मौसम सुहाना बना रहेगा।