दुर्ग/चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। साच पास क्षेत्र में बर्फबारी का नजारा देखने जा रही एक टैक्सी 500 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छत्तीसगढ़ के भिलाई के चार लोग भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार भिलाई के मरोदा निवासी अरविंद चन्द्राकर और उनकी पत्नी प्राची चन्द्राकर पिछले कुछ वर्षों से बेंगलुरु में रह रहे थे। वे अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने पहुंचे थे। शुक्रवार दोपहर उन्होंने डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी। वाहन में कुल 8 लोग सवार थे और सभी साच पास जोत क्षेत्र की ओर रवाना हुए थे।
बताया जा रहा है कि देर रात रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। खाई की गहराई और ढलान इतनी अधिक थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अरविंद चन्द्राकर, प्राची चन्द्राकर और उनके दो बच्चों समेत सभी 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का पता तब चला जब टैक्सी देर रात तक डलहौजी वापस नहीं पहुंची। वाहन मालिक को संदेह हुआ तो उसने जीपीएस लोकेशन की जांच की। लोकेशन कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई।
शनिवार दोपहर वाहन के खाई में गिरने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। पहाड़ी क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान संपर्क बनाए रखने में भी काफी दिक्कतें आईं।
रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बड़ा Rescue Operation चलाया। खाई की गहराई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए लोगों ने ह्यूमन चेन बनाई। रस्सियों की मदद से एक-एक कर शवों को ऊपर सड़क तक पहुंचाया गया।
कई घंटे तक चले अभियान के बाद सभी 8 शवों को बाहर निकाल लिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद भिलाई और बेंगलुरु में रहने वाले परिजनों के बीच शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।