महू में फटी नर्मदा-क्षिप्रा पाइप लाइन, 150 फीट तक उछला पानी; जल संकट से नाराज लोगों ने किया घेराव

महू/इंदौर। इंदौर जिले के महू क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 7:30 बजे नर्मदा-क्षिप्रा पाइप लाइन अचानक फट गई। घटना इंदौर-खंडवा रोड स्थित भेरूघाट के पास की बताई जा रही है। पाइप लाइन फटते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइप लाइन में पानी का दबाव काफी ज्यादा था। इसके चलते पानी का विशाल फव्वारा करीब 150 फीट ऊंचाई तक उठने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद किया। कुछ ही देर में इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।

बताया जा रहा है कि पानी का फव्वारा पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की ऊंचाई तक पहुंचता दिखाई दिया। इससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दूसरी ओर, पाइप लाइन की समस्या का असर शहर की जल आपूर्ति पर भी देखने को मिला। ट्रेजर फेंटसी के समीप स्थित ताप्ती परिसर के रहवासियों को पानी की परेशानी का सामना करना पड़ा। नियमित जल सप्लाई नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

आक्रोशित रहवासी बिजलपुर स्थित नगर निगम के जल नियंत्रण कार्यालय पहुंच गए। यहां लोगों ने कार्यालय का घेराव किया और पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की। कई लोग ऑफिस के बाहर सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पानी की समस्या बनी हुई है। पाइप लाइन फटने के बाद हालात और खराब हो गए हैं। रहवासियों ने जल्द से जल्द जल आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है।

फिलहाल संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पाइप लाइन की मरम्मत और जल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *