जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत बनने के बाद बम्हनीडीह (Bambhanidih Nagar Panchayat Election) में पहली बार हो रहे ऐतिहासिक चुनाव को लेकर सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। यहाँ अध्यक्ष और 15 पार्षदों की तकदीर का फैसला करने के लिए आगामी 1 जून को करीब 4,300 मतदाता अपने वोट डालेंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में वोटरों को अपने पाले में करने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में आज यानी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव (Deputy CM Arun Sao) बम्हनीडीह पहुंच रहे हैं।
बाजार चौक में डिप्टी सीएम की सभा, खुलेगा घोषणा पत्र (BJP Manifesto Bambhanidih)
भाजपा के चुनाव प्रभारी और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज बम्हनीडीह के प्रसिद्ध बाजार चौक में एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र (BJP Sankalp Patra) भी जारी करेंगे, जिसमें नगर पंचायत के विकास का पूरा ब्लूप्रिंट जनता के सामने रखा जाएगा।
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं ने हमेशा संतों का अपमान किया है। बम्हनीडीह की जनता जगतगुरु रामभद्राचार्य और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने वाले कांग्रेसी नेताओं को इस चुनाव में करारा सबक सिखाएगी।
भूपेश बघेल और जयसिंह ने संभाला कांग्रेस का मोर्चा (Congress Election Campaign CG)
दूसरी तरफ, कांग्रेस भी इस नए गढ़ को फतह करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। कांग्रेस के लिए खुद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सक्ति-जांजगीर जिले के 5 विधायकों ने धुआंधार प्रचार किया है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल (Jaysingh Agrawal Congress) ने तो मतदाताओं को साधने के लिए रात में सामाजिक बैठकें तक ली हैं।
जयसिंह अग्रवाल ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। रमन सिंह के 15 साल के राज की तुलना में मौजूदा साय सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में ही भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। बहरहाल, दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन असली फैसला 1 जून को जनता की उंगली करेगी।