बीजापुर के नक्सल प्रभावित इलाके में CRPF का मेडिकल कैंप, सैकड़ों ग्रामीणों को मिला मुफ्त इलाज

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बल सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि जनसेवा का काम भी कर रहे हैं। जनपद बीजापुर ब्लॉक के अतिसंवेदनशील क्षेत्र मुतवेंडी में 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया। इस हेल्थ कैंप में आसपास के कई गांवों के ग्रामीण पहुंचे और मुफ्त इलाज व दवाइयों का लाभ लिया।

सीआरपीएफ 85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मकसद दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना था। शिविर का संचालन द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश ओराम के नेतृत्व में किया गया। कैंप में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

मेडिकल कैंप में मौजूद डॉक्टरों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को जरूरी सलाह दी गई और सामान्य बीमारियों की दवाइयां मुफ्त में बांटी गईं। कई ग्रामीणों ने पहली बार विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच कराई। इलाके में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की।

शिविर के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, मौसमी बीमारियों से बचाव और नियमित हेल्थ चेकअप के बारे में भी जागरूक किया गया। डॉक्टर स्वाति जैसवाल ने लोगों को गर्मी और संक्रमण से बचने के उपाय बताए।

कार्यक्रम में उप कमांडेंट मोतीलाल समेत सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे। जवानों ने शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई और ग्रामीणों की मदद की।

ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे मेडिकल कैंप से उन्हें काफी राहत मिलती है। दूर-दराज के गांवों में अस्पताल और डॉक्टरों की सुविधा आसानी से उपलब्ध नहीं होती। ऐसे में सीआरपीएफ का यह प्रयास लोगों के लिए मददगार साबित हो रहा है।

सीआरपीएफ लगातार सिविक एक्शन प्रोग्राम के जरिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रही है। सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और जनजागरूकता जैसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों में सकारात्मक माहौल बन रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *