रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। प्रदेश में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दिन के समय घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। राहत की बात यह है कि इसके बाद मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज गर्मी रही। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग समेत कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण बिहार और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम बिहार से लेकर आंध्र प्रदेश तक द्रोणिका सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं छत्तीसगढ़ की ओर आ रही हैं। इसी वजह से तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी है।
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा, महासमुंद और धमतरी समेत 18 जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में एक-दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान भी काफी ऊंचा दर्ज किया गया। रायपुर में 44.3 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री, अंबिकापुर में 41.7 डिग्री और जगदलपुर में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में रविवार को भी मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से कम निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।