त्विषा शर्मा केस में बड़ा एक्शन: फरार पति समर्थ सिंह गिरफ्तार, कोर्ट परिसर में छिपा मिला आरोपी

नई दिल्ली/भोपाल। बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में फरार चल रहे पति समर्थ सिंह को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को जबलपुर हाई कोर्ट में सुनवाई के बाद यह पूरा घटनाक्रम तेजी से बदला। आरोपी समर्थ सिंह कोर्ट के निर्देश पर जिला अदालत में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था, लेकिन कोर्ट ने उसका सरेंडर स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह कोर्ट परिसर के एक कमरे में छिप गया। सूचना मिलने पर भोपाल और जबलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

इस हाई प्रोफाइल मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से लंबी पूछताछ की तैयारी में है। एसआईटी प्रमुख एसीपी रजनीश कश्यप ने बताया कि समर्थ सिंह को जबलपुर से गिरफ्तार कर भोपाल लाया गया है। पुलिस अदालत से 7 दिन की रिमांड मांगेगी ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके।

बताया जा रहा है कि भोपाल कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जबलपुर हाई कोर्ट का रुख किया था। उसने अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन शुक्रवार को सुनवाई के दौरान खुद ही अपनी याचिका वापस ले ली। इसके बाद हाई कोर्ट ने उसे संबंधित थाना प्रभारी या जांच अधिकारी के समक्ष आत्मसमर्पण करने के निर्देश दिए थे।

इसी बीच समर्थ सिंह जिला कोर्ट पहुंचा, लेकिन अदालत ने उसका समर्पण स्वीकार नहीं किया। इसके बाद वह कोर्ट परिसर में ही छिप गया। पुलिस को जैसे ही इसकी भनक लगी, टीम ने तत्काल कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया।

त्विषा शर्मा मौत मामला पिछले कई दिनों से सुर्खियों में बना हुआ है। मामले को लेकर लगातार राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। परिवार की ओर से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी और सभी सबूतों के आधार पर कार्रवाई होगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *