जनता को तीन गुना बिजली बिल, हर मोर्चे पर विफल भाजपा सरकार: दीपक बैज का बड़ा हमला

राघवेन्द्र. रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य सरकार पर स्मार्ट मीटर, बिजली कटौती और पेयजल संकट को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों के बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है और आम जनता परेशान हो चुकी है।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में बिजली की वास्तविक खपत से कहीं अधिक रीडिंग आ रही है, जिसके कारण इस माह कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन गुना तक बढ़कर आए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार भी स्मार्ट मीटर को वापस ले चुकी है, ऐसे में छत्तीसगढ़ में भी इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए। कांग्रेस इस मांग को लेकर पूरे प्रदेश में जन आंदोलन चलाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी के मौसम में अघोषित बिजली कटौती आम जनता के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लोगों को 24 घंटे बिजली नहीं मिल पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी विद्युत सरप्लस राज्य कहलाने वाला छत्तीसगढ़ अब बिजली कटौती का केंद्र बन गया है।

बैज ने कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब दो से चार घंटे तक बिजली बंद न रहती हो। रात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा घंटों बिजली गुल रहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से न तो सरकार संभल पा रही है और न ही व्यवस्थाएं। शहरों और गांवों में लोग बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं।

उन्होंने पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में पानी की भारी समस्या बनी हुई है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल पहुंचाने का कार्य पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू हुआ था, लेकिन सरकार बदलते ही पेयजल परियोजनाओं की रफ्तार थम गई और योजनाओं पर ग्रहण लग गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *