रमेश गुप्ता रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई है। इसे लेकर लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरगढ़-छुईखदान-गंडई, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव, सक्ती तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में गर्म हवाएं चल सकती हैं।
विशेषज्ञों ने नागरिकों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना बनी हुई है, जिससे प्रदेश में गर्मी का असर आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है।