डोंगरीपाली में आदिवासी भूमि हड़पने के मामले में एफआईआर दर्ज, एक नामजद सहित अन्य पर अपराध कायम

विकास अग्रवाल, पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र में आदिवासी भूमि के कथित फर्जी नामांतरण और राजस्व अभिलेखों में हेरफेर कर आर्थिक लाभ लेने का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पिथौरा पुलिस ने एक नामजद आरोपी सहित अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। यह मामला ग्राम डोंगरीपाली कैलाशपुर स्थित भूमि खसरा नंबर 614/1 से संबंधित बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थिया जमुना बरिहा ने पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके नाम दर्ज भूमि को फर्जी तरीके से दूसरे व्यक्ति के नाम स्थानांतरित कर दिया गया। शिकायत के बाद मामले की प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें तहसील कार्यालय से प्राप्त अभिलेख, पटवारी प्रतिवेदन और राजस्व रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए, जिनके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

बताया गया कि संबंधित भूमि वर्ष 2013-14 के रिकॉर्ड में जमुना बरिहा के नाम दर्ज थी। आरोप है कि वर्ष 2014 के बाद उक्त भूमि का नामांतरण कथित रूप से अनियमित और संदिग्ध प्रक्रिया के तहत किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि नामांतरण के लिए जरूरी विधिक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया और राजस्व अभिलेखों में बदलाव कर दूसरे व्यक्ति का नाम दर्ज कर दिया गया।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि भूमि के नामांतरण के बाद उससे संबंधित दस्तावेजों का उपयोग विभिन्न शासकीय और वित्तीय कार्यों में किया गया। आरोप है कि संबंधित भूमि के आधार पर बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से आर्थिक लाभ भी प्राप्त किए गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले से उन्हें आर्थिक और सामाजिक नुकसान उठाना पड़ा।

पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि भूमि रिकॉर्ड में बदलाव केवल कागजों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसके आधार पर आगे भी प्रक्रियाएं संचालित की गईं। इसी आधार पर पुलिस ने जगत राम पटेल एवं अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 61(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कहा है कि जांच के दौरान राजस्व अभिलेखों, बैंक दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पिथौरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कुछ जांच बाकी जगत पटेल के खिलाफ उसी विवेचना में आ सकता है नया मोड़ विवेचना के दौरान प्रकरण में कूटरचना STSC धारा जोड़ने की संभावना है

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *