जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों को जल्द निपटाने के सख्त निर्देश
जशपुर। पुलिस कार्यालय जशपुर स्थित सभाकक्ष में डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डाॅ. लाल उमेद सिंह द्वारा एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक ली गई। इस बैठक में समस्त राजपत्रित अधिकारीगण सहित थाना और चौकी प्रभारीगण, प्रशिक्षु उप निरीक्षकगण तथा सभी शाखाओं के प्रभारीगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा अनुविभागवार थाना और चौकी के लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली गई और उनके त्वरित निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी ने अनुभागवार लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायत इत्यादि की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी थाना या चौकी प्रभारी मामलों के त्वरित निराकरण की दिशा में तेजी से कार्य करेंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। इसके विपरीत, अपराधों के निराकरण में कोताही या लापरवाही बरतने वाले विवेचकों के विरूद्ध कड़ी विभागीय दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।
तय समय में पूरी करनी होगी जांच, राजपत्रित अधिकारी करेंगे प्रतिदिन मॉनिटरिंग
बैठक में विवेचकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि पुलिस विवेचना उच्च स्तर की होनी चाहिए। अब प्रत्येक प्रकरण की विवेचना का समय निर्धारित कर दिया गया है, इसलिए तय अवधि के भीतर ही पेंडिंग मामलों की जांच पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विवेचकों के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दें। समस्त थाना प्रभारियों और विवेचकों को अधीनस्थ स्तर पर की जाने वाली विवेचना तथा कोर्ट में दोषसिद्धि (कनविक्शन रेट) पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

अवैध गतिविधियों पर सख्त चेतावनी, गौ-तस्करी और नशे के कारोबार पर होगी त्वरित कार्रवाई
मीटिंग में उपस्थित थाना और चौकी प्रभारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की अवैध गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध शराब, अवैध कारोबार, गांजा तस्करी, जुआ, सट्टा और नशीली दवाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लघु अधिनियम और आर्म्स एक्ट जैसे विषयों पर गंभीरता से काम करने को कहा गया है। गौ-तस्करी तथा फरारी काट रहे अपराधियों की धरपकड़ के लिए भी अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन ठगी के मामलों को लेकर सायबर सेल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक भावेश कुमार समरथ को निर्देशित किया गया है कि वे थानों द्वारा मांगी गई तकनीकी जानकारी जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही सायबर टिप लाइन, सायबर पोर्टल के प्रकरणों और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों का तुरंत निराकरण किया जाए।
पुलिस मितान अभियान: जनता और पुलिस के बीच बनेगा मजबूत सेतु
सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे पुलिस मितान अभियान की भी समीक्षा की गई। डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि पुलिस मितान जशपुर पुलिस की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास, सहयोग तथा समन्वय को मजबूत करना है। सभी थाना और चौकी प्रभारी अपने क्षेत्र के पुलिस मितानों से नियमित संपर्क में रहें और उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा जैसे अभियानों में सक्रिय रूप से जोड़ें।
थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे समय-समय पर बैठकें आयोजित कर पुलिस मितानों का मार्गदर्शन करें और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करें। पुलिस मितान के माध्यम से हर गांव और वार्ड तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जाएगा ताकि समाज में सुरक्षा और समरसता का माहौल बना रहे।
थाने से निराश न लौटें फरियादी, शाम को अधिकारी स्वयं करेंगे विजिबल पुलिसिंग
ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रत्येक ग्राम के सुरक्षा प्रभारी अधिकारी और कर्मचारी को विशेष उत्तरदायित्व सौंपे गए हैं। अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि शिकायत लेकर आने वाला कोई भी व्यक्ति थाना या चौकी से निराश होकर न लौटे। सभी के साथ शालीन और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो।
निगरानी बदमाशों और गुंडा बदमाशों की नियमित रूप से उनके निवास और थानों में बुलाकर चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा, क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बनाने के लिए पैदल मार्च, कांबिंग गश्त और शाम के समय थाना प्रभारी स्वयं विजिबल पुलिसिंग के लिए सड़कों पर उतरेंगे ताकि कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर बरती जाएगी सख्ती, बैरिकेड लगाकर होगी सघन चेकिंग
जशपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों को कम करने के लिए पुलिस अब सख्त रुख अपना रही है। समस्त थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैरिकेड लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले, तीन सवारी बैठाने वाले, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने तथा शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के विरुद्ध वैधानिक और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी पत्थलगांव ध्रुवेश कुमार जायसवाल, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, उप पुलिस अधीक्षक भावेश कुमार समरथ, रीडर मुकेश झा एवं कार्यालयीन शाखा प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।