पीएम मोदी ने इटली की मेलोनी को दिया मजेदार गिफ्ट, वायरल हुआ वीडियो

रोम। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ती सोशल मीडिया पर हमेशा छाई रहती है। इस बार दोनों नेताओं के बीच एक बेहद दिलचस्प और मीठी मुलाकात देखने को मिली है। पांच देशों के अपने विदेश दौरे के आखिरी पड़ाव पर इटली पहुंचे पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को एक ऐसा अनोखा तोहफा दिया, जिसकी चर्चा अब चारों तरफ हो रही है। पीएम मोदी ने मेलोनी को भारत की मशहूर ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट की है।

सोशल मीडिया पर मेलोनी ने कहा- थैंक यू पीएम मोदी

टॉफी का यह मीठा तोहफा मिलते ही इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में पीएम मोदी मुस्कुराते हुए मेलोनी को मेलोडी टॉफी देते दिख रहे हैं। मेलोनी ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ‘आपके इस शानदार तोहफे के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।’

मेलोनी को भा गया मेलोडी का स्वाद

वीडियो में जॉर्जिया मेलोनी अपनी खुशी रोक नहीं पाईं। उन्होंने कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए कहा, ‘प्राइम मिनिस्टर मोदी मेरे लिए भारत से एक बहुत ही खास उपहार लेकर आए हैं। यह वाकई एक बेहद स्वादिष्ट टॉफी है।’ देखते ही देखते दोनों नेताओं का यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया और लोग इस पर जमकर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं।

ऐतिहासिक कोलोसियम की सैर और दोस्ती की बातें

टॉफी डिप्लोमेसी के साथ-साथ दोनों नेताओं ने रोम के ऐतिहासिक अजूबों का दीदार भी किया। पीएम मोदी और मेलोनी ने दुनिया के सात अजूबों में शामिल प्राचीन रोमन साम्राज्य के सबसे बड़े एम्फीथिएटर ‘कोलोसियम’ (Colosseum) का दौरा किया।

पीएम मोदी ने मेलोनी के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ शानदार डिनर हुआ, जिसके बाद हमने ऐतिहासिक कोलोसियम को देखा। हमने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर बातचीत की।

आज होगी दोनों देशों के बीच बड़ी बैठक

इससे पहले जब पीएम मोदी रोम के एयरपोर्ट पर उतरे, तो इटली के विदेश मंत्री ने खुद उनका स्वागत किया। इसके ठीक बाद जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी से मुलाकात की और फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘वेलकम माय फ्रेंड’। आज दोनों बड़े नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होने वाली है, जिसमें भारत और इटली के रिश्तों को और मजबूत करने पर बड़ा फैसला हो सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *