Heatwave Alert: देश के 10 राज्यों में भीषण गर्मी का कहर, अगले 7 दिन बारिश के आसार नहीं

नई दिल्ली। देशभर में गर्मी अब अपने चरम पर पहुंच गई है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक लोगों का हाल बेहाल है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक आने वाले एक हफ्ते तक देश के कई हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलेंगी और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना रह सकता है।

मौसम एजेंसी के अनुसार मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात समेत करीब 10 राज्यों में सूखा और गर्म मौसम बना रहेगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर पड़ चुका है और फिलहाल कोई सक्रिय वेदर सिस्टम नहीं होने से राहत की उम्मीद भी कम है।

मंगलवार को दिल्ली, यूपी, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और महाराष्ट्र समेत 22 शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं दिल्ली के रिज इलाके में तापमान 46.5 डिग्री तक पहुंच गया।

पंजाब के फरीदकोट में 47.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा के रोहतक में 46.9 और नारनौल में 45 डिग्री तक पारा पहुंच गया। रायपुर, भोपाल और अहमदाबाद जैसे शहरों में भी लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ तापमान ही नहीं, बल्कि “फील टेंपरेचर” भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। कई शहरों में लोगों को वास्तविक तापमान से 2 से 4 डिग्री ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है। इसकी बड़ी वजह तेजी से बढ़ता शहरीकरण और कंक्रीट का फैलाव माना जा रहा है।

मौसम विभाग ने 21 और 22 मई के लिए कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार, झारखंड और उत्तराखंड में तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *