रमेश गुप्ता भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन-2 वैशाली नगर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 21 कैलाश नगर स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में निरीक्षण किया। निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फैक्ट्री पहुंचकर जांच की।
निरीक्षण में मिली भारी अव्यवस्था
निरीक्षण के दौरान “कृष्णा फूड प्रोडक्ट” नामक आइसक्रीम फैक्ट्री में कई कमरे, ऑफिस रूम, स्टोर रूम, डीप फ्रीजर रूम एवं निर्माण हॉल संचालित पाए गए, जहां विभिन्न प्रकार की आइसक्रीम का निर्माण और पैकेजिंग की जा रही थी।
जांच के दौरान स्टोर रूम के एक कोने और डीप फ्रीजर में लगभग 200 नग कुल्फियां खराब एवं पिघली हुई हालत में मिलीं। फैक्ट्री परिसर में जगह-जगह कुल्फी की स्टिक और रैपर फैले हुए पाए गए, जिससे परिसर में गंदगी का माहौल नजर आया।

खराब आइसक्रीम जब्त, मौके पर कराई गई सफाई
निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल निर्माण स्थल और हॉल की सफाई करवाई। साथ ही खराब एवं पिघली हुई आइसक्रीम और कुल्फियों को पंचनामा तैयार कर विनष्टीकरण के लिए जब्त किया गया।
खाद्य सामग्री को अस्वच्छ स्थिति में रखने और परिसर में गंदगी पाए जाने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
स्वच्छता बनाए रखने की दी गई सख्त हिदायत
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री संचालक को मिक्सचर मशीन, डीप फ्रीजर, स्टोर रूम, निर्माण एवं पैकेजिंग स्थल को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों का उपयोग शुद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से करने की समझाइश भी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई में जोन-2 वैशाली नगर के जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर साहनी, जोन स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह, वार्ड सुपरवाइजर तथा स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मचारी शामिल रहे।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर आगे भी लगातार निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।