बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस और ACCU टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 90 किलो गांजा जब्त करते हुए 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं इलेक्ट्रिक ऑो में गांजा लेकर जा रही थीं।

पुलिस के मुताबिक, ACCU और सरकंडा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा की खेप शहर से बाहर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सीपत रोड पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान दो इलेक्ट्रिक ऑो को रोका गया। तलाशी लेने पर ऑटो में रखी 8 बोरियों और कपड़ों के गट्ठरों के अंदर गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने जब वजन कराया तो कुल 90 किलो गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान ऑटो में सवार 8 महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे गांजा को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से सीपत इलाके की ओर ले जा रही थीं। सभी आरोपी महिलाएं मटियारी गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं।
पुलिस ने मौके से दो इलेक्ट्रिक ऑो और गांजा जब्त कर लिया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 46 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और भी लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
सरकंडा पुलिस और ACCU की इस कार्रवाई को बिलासपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।