राजेश जैन, रायगढ़/सक्ती। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चार दिन पहले हुई महिला अधिवक्ता (वकील) आराधना सिदार की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने आखिरकार सुलझा लिया है। इस खौफनाक हत्याकांड का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतका का प्रेमी लोकनाथ पटेल ही निकला। शादी के लिए लगातार बनाए जा रहे दबाव से तंग आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी लोकनाथ पटेल को सक्ती से गिरफ्तार कर लिया है।
डेम के पास मिली थी निर्वस्त्र लाश, पहचान छिपाने के लिए कुचला था सिर
बता दें कि चार दिन पहले पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह डेम के पास अधिवक्ता आराधना सिदार की निर्वस्त्र लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की हालत देखकर ही साफ था कि हत्या बड़े बेरहम तरीके से की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोकनाथ ने खरसिया के जंगलों में पहले गला दबाकर आराधना की हत्या की। इसके बाद, मृतका की पहचान पूरी तरह छुपाने की नीयत से एक बड़े पत्थर से उसका सिर और चेहरा बुरी तरह कुचल दिया। इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने शव के सारे कपड़े उतारकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए और खुद सामान्य तरीके से अपने घर लौट आया।
मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सबूतों ने खोला राज
अंधी कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने जब अपनी तफ्तीश शुरू की, तो पता चला कि आराधना को आखिरी बार उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल के साथ देखा गया था। पुलिस ने फौरन साइबर सेल की मदद ली। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की एक टीम ने सक्ती में दबिश देकर लोकनाथ को हिरासत में ले लिया।
लंबे समय से था प्रेम प्रसंग, घूमने के बहाने ले गया था जंगल
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी लोकनाथ पटेल टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका आराधना के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। आराधना उस पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन वह आराधना को घुमाने के बहाने खरसिया के जंगल में ले गया, जहां फिर से इसी बात पर बहस हुई और गुस्से में आकर उसने आराधना को हमेशा के लिए खामोश कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।