एक्सक्लूसिव: स्पैरो पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी से हजारों कर्मचारियों की ACR-APAR अटकी, आज आखिरी तारीख पर बढ़ी चिंता

0-आईडी नहीं बनने से कई अधिकारी-कर्मचारी वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन जमा नहीं कर पाए

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा स्पैरो पोर्टल पर ऑनलाइन ACR और APAR जमा करने की अंतिम तारीख गुरुवार तय की गई थी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों और आईडी जनरेट नहीं होने की वजह से हजारों शासकीय अधिकारी-कर्मचारी अब परेशानी में फंस गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक कई विभागों में अब तक बड़ी संख्या में कर्मचारियों और अधिकारियों की APAR आईडी ही एक्टिव नहीं हो पाई है। शासन स्तर पर नियुक्त कस्टोडियन अधिकारियों को सभी लोक सेवकों की आईडी तैयार करनी थी, लेकिन अंतिम दिन तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

स्थिति यह है कि कई कर्मचारी अपनी वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (ACR-APAR) ऑनलाइन जमा ही नहीं कर पाए। कुछ कर्मचारी लॉगिन नहीं कर सके, तो कई की आईडी अब तक बनी ही नहीं। इससे विभागों में असमंजस की स्थिति बन गई है।

जानकारी के अनुसार पहले स्पैरो पोर्टल का उपयोग मुख्य रूप से आईएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों तक सीमित था, लेकिन इस बार पहली बार अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को भी ऑनलाइन प्रक्रिया में शामिल किया गया। अचानक लागू हुई व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों की कमी के कारण अब बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं।

कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर भी चिंता है कि शासन के आदेश के अनुसार 15 मई के बाद ACR-APAR स्वतः ऑटो फॉरवर्ड होकर उच्च अधिकारियों के पास अंकन के लिए भेज दी जाएगी। ऐसे में जिन कर्मचारियों की प्रविष्टियां पूरी नहीं हो पाई हैं, उन्हें भविष्य में नुकसान उठाना पड़ सकता है।

कई विभागों से अब यह मांग उठने लगी है कि शासन को या तो ऑफलाइन ACR जमा करने की अनुमति देनी चाहिए या फिर ऑनलाइन प्रक्रिया की अंतिम तारीख बढ़ानी चाहिए, ताकि सभी कर्मचारियों को मौका मिल सके। अब नजर शासन के अगले फैसले पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *