रायपुर। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पेपर लीक की खबरों ने लाखों छात्रों और अभिभावकों के मन में यह डर पैदा कर दिया है कि क्या अब मेहनत से ज्यादा “सिस्टम” काम करता है? 2024 के विवाद के बाद 2026 में भी सीबीआई की कार्रवाई ने साफ कर दिया कि समस्या किसी एक राज्य या सेंटर तक सीमित नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब जेईई अपेक्षाकृत सुरक्षित मानी जाती है, तो नीट बार-बार लीक क्यों होती है?
दो अलग-अलग परीक्षा मॉडल
असल में नीट और जेईई दो अलग-अलग परीक्षा मॉडल हैं। नीट ऑफलाइन मोड में होती है, जिसमें ओएमआर शीट पर जवाब भरे जाते हैं। लाखों प्रश्नपत्र प्रिंट होकर राज्यों तक भेजे जाते हैं। वहीं जेईई कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) है, जिसमें प्रश्न सीधे स्क्रीन पर खुलते हैं। यही सबसे बड़ा अंतर सुरक्षा व्यवस्था तय करता है।
ऑफलाइन परीक्षा की चुनौती प्रश्नपत्र की गोपनीयता
ऑफलाइन परीक्षा में सबसे बड़ी चुनौती प्रश्नपत्र की गोपनीयता होती है। प्रिंटिंग प्रेस से लेकर ट्रांसपोर्ट, बैंक लॉकर और परीक्षा केंद्र तक लंबी प्रक्रिया में कई लोग शामिल रहते हैं। पेपर माफिया इसी चेन की कमजोर कड़ी तलाशते हैं। कहीं पैकेट खुला, कहीं फोटो निकली या किसी कर्मचारी को खरीद लिया गया, तो पूरा सिस्टम प्रभावित हो जाता है।
ऑनलाइन परीक्षा में फिजिकल लीक की संभावना
इसके उलट ऑनलाइन परीक्षा में प्रश्नपत्र एन्क्रिप्टेड डिजिटल फॉर्म में सर्वर पर रहता है और तय समय पर ही स्क्रीन पर खुलता है। इससे फिजिकल लीक की संभावना काफी कम हो जाती है। हालांकि ऑनलाइन परीक्षाओं में भी हैकिंग और तकनीकी गड़बड़ियों का खतरा रहता है, लेकिन साइबर सिक्योरिटी और रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसे उपाय उपलब्ध हैं।
पेपर माफिया तलाशते हैं कमजोर कड़ी
यहीं से पेपर माफिया सक्रिय होते हैं। उन्हें केवल एक कमजोर कड़ी तलाशनी होती है। कहीं पैकेट खोलने की सूचना मिल जाए, कहीं फोटो निकल जाए, कहीं किसी कर्मचारी को खरीद लिया जाए, तो पूरा सिस्टम ध्वस्त हो जाता है। पिछले कुछ वर्षों में सामने आए मामलों में यही पैटर्न दिखाई दिया। कहीं व्हाट्सऐप पर पेपर वायरल हुआ, कहीं सॉल्वर गैंग पकड़े गए, तो कहीं परीक्षा से पहले ही प्रश्नों के जवाब बांटे गए।
सबसे बड़ी वजह छात्रों की संख्या और बुनियादी ढांचा
फिर सवाल उठता है कि नीट को ऑनलाइन क्यों नहीं किया जाता? इसकी सबसे बड़ी वजह छात्रों की संख्या और बुनियादी ढांचा है। नीट में हर साल करीब 23 लाख छात्र बैठते हैं। इतने छात्रों के लिए देशभर में पर्याप्त कंप्यूटर सेंटर नहीं हैं। यदि परीक्षा कई शिफ्टों में होगी, तो नॉर्मलाइजेशन लागू करना पड़ेगा, जिस पर विवाद खड़े हो सकते हैं। मेडिकल प्रवेश में एक-दो अंक भी रैंक और कॉलेज बदल देते हैं।
नीट केवल परीक्षा नहीं, करोड़ों परिवारों की उम्मीद
नीट केवल परीक्षा नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों की उम्मीद है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों की फीस कम है, जबकि निजी कॉलेजों में एमबीबीएस की पढ़ाई करोड़ों तक पहुंच जाती है। लगभग 23 लाख छात्रों के मुकाबले सीटें बेहद कम हैं। यही भारी दबाव परीक्षा को “हाई-स्टेक” बना देता है और संगठित अपराधियों के लिए अवसर पैदा करता है।
कोचिंग इंडस्ट्री और रिजल्ट की होड़ ने भी दबाव बढ़ाया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि केवल सख्त कानून से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव जरूरी हैं। कुछ लोग चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन या हाइब्रिड मॉडल लागू करने और साल में दो बार परीक्षा कराने की वकालत कर रहे हैं। सरकार ने “लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024” लागू किया है, जिसमें पेपर लीक पर कड़ी सजा का प्रावधान है।
एनटीए की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल
आज बहस केवल नीट और जेईई की नहीं, बल्कि भारत की पूरी परीक्षा व्यवस्था की है। जेईई मॉडल पूरी तरह परफेक्ट नहीं है, लेकिन उसने दिखाया है कि तकनीक आधारित परीक्षाएं फिजिकल पेपर लीक को काफी हद तक रोक सकती हैं। अब फैसला नीति निर्माताओं को करना है कि वे पुरानी व्यवस्था बनाए रखें या बड़े बदलाव का जोखिम उठाएं।
असल चुनौती छात्रों का भरोसा लौटाने की
असल चुनौती केवल अपराधियों को पकड़ने की नहीं, बल्कि छात्रों का भरोसा लौटाने की है। जब कोई छात्र दो-दो साल घर से दूर रहकर तैयारी करता है, परिवार कर्ज लेकर कोचिंग फीस भरता है और फिर परीक्षा के बाद पेपर लीक की खबर आती है, तो सबसे ज्यादा नुकसान उस मेहनत का होता है, जो ईमानदारी से की गई थी।
पेपर लीक के मुख्य आधार
पेपर लीक में संगठित गिरोह और मोटी रकम का खेल
कोचिंग इंडस्ट्री की प्रतिस्पर्धा भी विवादों की बड़ी वजह
नीट में प्रश्नपत्र प्रिंटिंग, ट्रांसपोर्ट और स्टोरेज चुनौती
डिजिटल एन्क्रिप्शन और समय पर खुलने से सुरक्षित
मेडिकल सीटों के लिए भीषण प्रतिस्पर्धा से “हाई-स्टेक”