छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद शाम को तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। जिले में पिछले एक सप्ताह से लगातार दोपहर में चिलचिलाती धूप और शाम को आंधी-तूफान का दौर चल रहा है।

पेड़ गिरने से बाधित हुआ आवागमन
तेज हवाओं के कारण जिले के कई क्षेत्रों में बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए। मोहला ब्लॉक के नेतामटोला से टेलीटोला मार्ग और अंबागढ़ चौकी के अरजकुंड के पास मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया। ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाते हुए सड़क से पेड़ के मलबे को हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। मानपुर और आसपास के इलाकों में भी करीब एक घंटे तक तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
किसानों और बागवानों की बढ़ी चिंता
इस बेमौसम बारिश का सबसे बुरा असर कृषि पर पड़ रहा है। विशेष रूप से आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। आंधी के कारण पेड़ों से आम टूटकर गिर रहे हैं, जिससे किसानों को बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। अंबागढ़ चौकी शहर में हालांकि दिनभर गर्मी का असर बना रहा, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में बादल छाने और तेज हवाएं चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ।