राजनांदगांव में नाले के पास डंप 9 पेटी अवैध शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मोहारा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुढिया नाला के पास घेराबंदी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। यह शराब पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से तस्करी कर लाई गई थी, जिसे अवैध रूप से बेचने के लिए डंप किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, उन्हें पुख्ता जानकारी मिली थी कि ग्राम मोहारा का रहने वाला नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी कोटरीछापर रोड स्थित नाले के पास अवैध शराब का स्टॉक रखकर उसे ठिकाने लगा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की गाड़ियों को देख वहां मौजूद तस्करों में हड़कंप मच गया और वे भागने की कोशिश करने लगे।

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेंद्र वर्मा के रूप में हुई है। मौके की तलाशी लेने पर पुलिस को 9 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित शराब मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है। हालांकि, इस मामले का मुख्य सरगना नंदकिशोर वर्मा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मध्यप्रदेश से शराब लाने में किन अन्य लोगों का हाथ है और यह खेप कहां खपाई जानी थी। जिला पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *