बिलासपुर के सकरी थाने के लॉकअप से एक हिस्ट्रीशीटर का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। आरोपी विक्की पांडेय ने जेल के अंदर से सिगरेट पीते हुए वीडियो पोस्ट किया और खुद को किंग ऑफ बिलासपुर बताया। इस वीडियो में लॉकअप के अंदर मौजूद तीन अन्य आरोपी और थाने का नजारा भी साफ दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर दोपहर में वीडियो सामने आते ही लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लॉकअप जैसी सुरक्षित जगह पर मोबाइल फोन और सिगरेट का पहुंचना पुलिसकर्मियों की मिलीभगत की ओर इशारा कर रहा है। आमतौर पर आरोपियों की सख्त तलाशी ली जाती है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। फिलहाल मामले में पुलिस के आला अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।