पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

15 जुलाई तक जिलों से अनुशंसा भेजना अनिवार्य, गुमनाम नायकों की पहचान पर जोर

कोरिया, 05 मई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया के पर्यवेक्षण एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर सभी संभागायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं। छत्तीसगढ़ शासन से जारी आदेश में कहा गया है कि भारत सरकार द्वारा घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। जारी पत्र के अनुसार, इच्छुक व्यक्तियों के नामांकन के लिए आधिकारिक पोर्टल https://awards.gov.in⁠ निर्धारित किया गया है तथा नामांकन भेजने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2027 तय की गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार की मंशा इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के माध्यम से समाज के उन गुमनाम और अनछुए नायकों को सामने लाना है, जो दूरस्थ वनांचल, ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में रहकर समाज सेवा, कला, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में संभागायुक्तों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए विभाग ने निर्देश दिए हैं कि वे नियमित रूप से जिला कलेक्टरों की समीक्षा बैठक लें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक जिले से योग्य एवं वास्तविक ‘गुम नायक’ की पहचान कर उनके नाम प्रस्तावित किए जाएं।

विभाग द्वारा यह भी बताया गया है कि इस संबंध में जिला कलेक्टरों को पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं, जिसके अनुसार पद्म पुरस्कारों हेतु अनुशंसाएं 15 जुलाई 2026 तक विभाग को भेजी जानी हैं। भेजे जाने वाले नामांकनों में संबंधित व्यक्तियों के कार्यों का विवरण स्पष्ट, तथ्यात्मक और प्रभावशाली होना आवश्यक है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किया गया है, पत्र में सभी संभागों से सक्रिय भूमिका निभाने और अधिक से अधिक योग्य व्यक्तियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का आह्वान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *