जांजगीर-चांपा में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस: 50 लोग घायल और 4 की हालत गंभीर, कोरबा से रायगढ़ जा रही थी गाड़ी

जांजगीर-चांपा

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोरबा के जमनीपाली से यात्रियों को लेकर रायगढ़ के सरिया जा रही एक तेज रफ्तार बस करनौद के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे के वक्त बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिनमें से 50 लोगों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

हादसे में घायल सभी लोगों को तुरंत बम्हनीडीह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल यात्रियों में से 4 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। बस पलटने के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया और यातायात सामान्य कराया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और यह दुर्घटना हुई। बम्हनीडीह पुलिस ने बस को सड़क से हटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यात्रियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या हादसा किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या ड्राइवर की लापरवाही इसका मुख्य कारण थी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *