दिल्ली हाई कोर्ट की वर्चुअल सुनवाई में हैकर ने चलाया अश्लील वीडियो, तीन बार बाधित हुई कार्यवाही, मचा हड़कंप

नई दिल्ली: दिल्ली हाई कोर्ट की वर्चुअल सुनवाई (VC) के दौरान बुधवार को एक ऐसी शर्मनाक घटना हुई कि जज और वकील सब सन्न रह गए। चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की बेंच केस सुन रही थी, तभी अचानक स्क्रीन पर अश्लील वीडियो (Porn Film) और तेज म्यूजिक चलने लगा। हालत ये हो गई कि कोर्ट को तुरंत अपना ऑनलाइन लिंक बंद करना पड़ा।

हैरानी की बात तो ये है कि जब सिस्टम ठीक करके सुनवाई दोबारा शुरू की गई, तो उस अज्ञात हैकर ने फिर से स्क्रीन हैक कर ली और गंदी क्लिप चला दी। ऐसा एक-दो बार नहीं बल्कि तीन बार हुआ, जिससे कोर्ट का काम पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान बैकग्राउंड से एक रिकॉर्डेड आवाज भी आई, जो कह रही थी— “You have been hacked” (आपका सिस्टम हैक हो गया है)।

अमेरिका से जुड़ रहे हैं तार जांच में पता चला है कि ये अश्लील वीडियो याचिकाकर्ता श्रीधर सरनोबत और शितिजीत सिंह के अकाउंट से प्ले हुए थे। हालांकि, शितिजीत सिंह ने अपनी सफाई में कहा है कि उनका अकाउंट अमेरिका से हैक किया गया था और उन्हें इस बारे में कुछ भी पता नहीं है। एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने बताया कि ये हरकत सिर्फ चीफ जस्टिस की कोर्ट में ही नहीं, बल्कि कई और कोर्ट रूम्स में भी हुई है।

दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट को मिला जिम्मा मामले की गंभीरता को देखते हुए चीफ जस्टिस ने तुरंत कड़े एक्शन के निर्देश दिए हैं। हाई कोर्ट प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल साइबर यूनिट (IFSO) में शिकायत दर्ज कराई है। अब पुलिस की एक्सपर्ट टीम डिजिटल सुराग ढूंढ रही है ताकि पता चल सके कि इस गंदी हरकत के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है और उसने सिस्टम में सेंध कैसे लगाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *