ढाका / कोलकाताय़ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी की संभावित जीत ने बांग्लादेश की चिंता बढ़ा दी है। बांग्लादेश के रंगपुर से नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के सांसद अख्तर हुसैन ने बंगाल में बीजेपी सरकार बनने की संभावना पर गहरा सदमा और चिंता व्यक्त की है। सांसद ने बांग्लादेशी संसद में बोलते हुए कहा कि अगर बंगाल में बीजेपी सत्ता में आती है, तो ढाका को बड़े शरणार्थी संकट का सामना करना पड़ सकता है।
सांसद अख्तर हुसैन का मानना है कि बीजेपी सरकार उन लोगों को सीमा पार भेज देगी जिन्हें वह अवैध घुसपैठिया मानती है। उन्होंने आशंका जताई कि बीजेपी ‘कांगलू’ (कथित अवैध घुसपैठियों) को वापस बांग्लादेश धकेल सकती है, जिससे देश के लिए मानवीय और आर्थिक संकट पैदा हो जाएगा। गौरतलब है कि बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल में 8 में से 6 एजेंसियों ने बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए रिकॉर्ड 92.85 फीसदी मतदान के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।