ई-सहयोग पोर्टल के जरिए आवेदन, हार्ड कॉपी सिस्टम समाप्त
रमेश गुप्ता भिलाई ।
Steel Authority of India Limited (SAIL) के Bhilai Steel Plant में कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की गई है। अब कर्मचारी अपने सीपीएफ (Contributory Provident Fund) से नॉन-रिफंडेबल लोन (NRL) के लिए पूरी तरह ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में 18 अप्रैल 2026 को नियम अनुभाग द्वारा सर्कुलर जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, अब NRL के लिए आवेदन केवल ई-सहयोग (e-Sahyog) पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके साथ ही आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करने की पुरानी व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।
नए सिस्टम में कर्मचारियों को संबंधित सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति या एचआर अधिकारी के माध्यम से अग्रेषण की आवश्यकता भी नहीं होगी, जिससे प्रक्रिया और अधिक सरल एवं पारदर्शी बन गई है।
ऐसे करें आवेदन
कर्मचारी ई-सहयोग पोर्टल पर लॉगिन कर Online Applications → Applications → Online CPF → NRL Application के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के दौरान कर्मचारी अपनी पात्रता (Eligibility) जांच सकते हैं और आवश्यकतानुसार कारण चयन कर संबंधित दस्तावेज अपलोड करना होगा।
दो-स्तरीय सुरक्षा अनिवार्य
नई व्यवस्था में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन लागू किया गया है। अंतिम सबमिशन से पहले कर्मचारी को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भेजे गए ओटीपी को दर्ज करना अनिवार्य होगा।
गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को आवेदन से पहले ई-सहयोग पोर्टल में अपनी संपर्क जानकारी अपडेट करनी होगी, जबकि अधिकारियों को ओटीपी उनके आधिकारिक संपर्क माध्यमों पर प्राप्त होगा।
महत्वपूर्ण निर्देश
आवेदन अंतिम रूप से जमा होने के बाद उसे रद्द नहीं किया जा सकेगा।
आवेदन प्राप्त होने के बाद वित्त-सीपीएफ विभाग द्वारा प्रक्रिया पूरी की जाएगी और कर्मचारी को इसकी सूचना दी जाएगी।
यह नया सर्कुलर वर्ष 2018 के पूर्व प्रावधानों को आंशिक रूप से निरस्त करता है और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लागू किया गया है।